हमीरपुर। मौदहा तहसील क्षेत्र के उपरी गांव में सोमवार को भक्ति और आस्था के बीच भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
पारा खेड़ा स्थित बजरंगबली मंदिर से प्रारंभ हुई कलश यात्रा पूरे गांव में भ्रमण करते हुए निर्धारित गंतव्य स्थल पर पहुंची। यात्रा में हजारों की संख्या में महिलाओं सहित श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान पूरा गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सेवा के लिए नौ दुर्गा कमेटी की ओर से जलपान की व्यवस्था की गई।
कमेटी के सदस्यों ने श्रद्धालुओं को जलपान कराकर सेवा भाव का परिचय दिया। वहीं, मंगलवार को ग्राम प्रधान माहेश्वरी दीन, सहयोगी सदाशिव, कमेटी और ग्रामवासियों के सहयोग से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
भंडारा सुबह सात बजे से शुरू होकर रात 11 बजे तक लगातार चलता रहा। इस दौरान आसपास के कई गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे दिन भंडारे में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा और आयोजकों व ग्रामीणों ने सेवा भाव से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। धार्मिक आयोजन में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी और आपसी सहयोग ने गांव में श्रद्धा, सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया।
कलश यात्रा और विशाल भंडारे को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
