हमीरपुर। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार के साथ शीतलपुर एवं बदनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों की उपस्थिति, मिड-डे मील, स्मार्ट क्लास और ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कराए गए कार्यों का जायजा लिया।
उन्होंने शिक्षकों को नियमित रूप से विद्यालय आने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने मिड-डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों के वजन और पोषण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों की पढ़ाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
