हमीरपुर। विद्युत विभाग ने बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए मुख्यालय क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
विजिलेंस टीम के साथ एसडीओ शहजाद खान के नेतृत्व में विद्युत कनेक्शनों और मीटरों की जांच की गई। अभियान के दौरान बिजली चोरी करते पाए गए छह लोगों को टीम ने मौके से पकड़ लिया।
अचानक हुई चेकिंग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। टीम ने कई घरों और प्रतिष्ठानों में पहुंचकर विद्युत कनेक्शन, मीटर तथा लोड की जांच की।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को बिजली का अवैध इस्तेमाल न करने और नियमित रूप से बिल का भुगतान करने की हिदायत दी। एसडीओ शहजाद खान ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
चोरी करते पकड़े जाने वालों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में खलबली मची रही।
