हरदोई। थाना पचदेवरा क्षेत्र में रविवार देर रात गंगा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मेरठ की ओर से आ रही इनोवा क्रिस्टा बरुआ अंडरपास के पास अचानक सड़क पर आए सांड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सांड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इनोवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में बलरामपुर निवासी इनोवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक को गंगा एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस की मदद से जलालाबाद सीएचसी पहुंचाया गया।
बताया गया कि इनोवा में चालक के साथ दो युवक और एक युवती भी सवार थे। सभी घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे कर्मचारी और थाना पचदेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुर्घटना के चलते कुछ देर तक एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों ने सड़क पर आवारा पशुओं के लगातार विचरण को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने प्रशासन से एक्सप्रेसवे पर आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।


