
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में आज डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम कलेक्ट्रेट सभागार, हमीरपुर में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनपद में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा नई खेल प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक नए एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बार-बार एक ही खिलाड़ियों अथवा टीमों को प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराने की प्रवृत्ति से बाहर निकलकर विद्यालय स्तर पर व्यापक प्रतिभा चयन किया जाए। इसके लिए सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से समन्वय स्थापित करने तथा विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों से व्यक्तिगत संपर्क कर प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत न्याय पंचायत एवं ब्लॉक स्तर से कराई जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिले। न्याय पंचायत स्तर पर विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित कर चयनित खिलाड़ियों को ब्लॉक, तहसील एवं जनपद स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी खेल मैदानों में खिलाड़ियों की आवश्यकता के अनुरूप बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर में विभिन्न खेलों के लिए आवश्यक कोर्ट, खेल मैदानों की मार्किंग, रनिंग/रेस ट्रैक सहित अन्य खेल सुविधाओं को व्यवस्थित एवं मानक के अनुरूप तैयार कराया जाए, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास का वातावरण मिल सके।
बैठक में जनपद की समस्त तहसीलों में तहसील खेल विकास एवं प्रोत्साहन समितियों के गठन एवं उनके खाते संचालित किए जाने के संबंध में भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर खेल गतिविधियों को संस्थागत रूप से बढ़ावा देने तथा जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के कोष को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के कोष से उदीयमान एवं जरूरतमंद खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, आर्थिक सहायता एवं खेल किट उपलब्ध कराने, जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में होने वाले व्यय, अन्य जनपदों में आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों पर होने वाले व्यय तथा जनपद में संचालित जिम/तरणालय के वार्षिक पंजीकरण शुल्क आदि विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन है। इसलिए जनपद में खेलों का ऐसा वातावरण विकसित किया जाए, जिसमें ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रत्येक बच्चे को अपनी प्रतिभा दिखाने का समान अवसर मिल सके।
बैठक में अध्यक्ष नगरपालिका हमीरपुर, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी, जिला युवा अधिकारी, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि, जिला व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, खेल विभाग के अधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

