
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। देवशयनी एकादशी के पावन पर्व पर मनावर के समीप स्थित श्री खाटू श्याम बैकुंठ धाम मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर बाबा श्याम की प्रतिमा का मनमोहक एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। अल सुबह से ही बड़ी संख्या में श्याम भक्त मंदिर पहुंचने लगे और पूरे मंदिर परिसर में “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” तथा जय श्री श्याम के जयघोष गूंजते रहे।
श्याम भक्त ध्वज, नारियल एवं सजी हुई पूजा की थालियां लेकर अनुशासनबद्ध तरीके से कतार में खड़े होकर बाबा श्याम का पूजन-अर्चन करते रहे। अनेक श्रद्धालुओं ने नारियल अर्पित कर तथा कलावा बांधकर बाबा श्याम से अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में प्रस्तुत श्याम भजनों पर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते नजर आए।
मंदिर के व्यवस्थापक पंडित कपिल शास्त्री ने बताया कि देवशयनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसी दिन से चातुर्मास का शुभारंभ होता है, जिसके दौरान मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। उन्होंने बताया कि भगवान विष्णु के योगनिद्रा में रहने की अवधि में सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान महादेव के अधीन माना जाता है।
इस पावन अवसर पर खाटू श्याम धाम से लाई गई पवित्र ज्योत से मंदिर की अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई। प्रातः, दोपहर, संध्या एवं रात्रि की चारों महाआरतियों में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

