
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनपद में 16 से 22 जुलाई तक आयोजित ‘भूजल सप्ताह’ का समापन बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भूजल स्तर को सुरक्षित रखने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि “जल संरक्षण करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और दैनिक जीवन में पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की।
बैठक में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने तालाबों के जीर्णोद्धार, खेत-तालाब निर्माण, वर्षा जल संचयन तथा शासकीय भवनों में रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने पर चर्चा की।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई तथा जनसहभागिता के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण और भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प दिलाया। जिला प्रशासन ने आमजन से भी जल संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।

