

जहानाबाद। पुलिस केंद्र में पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने पदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को फीता और स्टार पहनाकर नई जिम्मेदारी सौंपी। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सभी पदाधिकारियों को अपने कार्यों में और अधिक सक्रियता तथा दक्षता के साथ काम करना होगा। समारोह के अंत में पदोन्नत पुलिसकर्मियों ने पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
समारोह में कुल 27 पुलिसकर्मियों को उच्च पद का प्रभार दिया गया। समारोह के दौरान 23 चालक सिपाहियों को चालक हवलदार, एक चालक हवलदार को चालक सहायक अवर निरीक्षक, एक चालक एएसआई को चालक पुलिस अवर निरीक्षक तथा विभागीय पदोन्नति समिति के माध्यम से दो पुलिसकर्मियों को हवलदार के पद का प्रभार प्रदान किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी पदोन्नत पुलिसकर्मियों को फीता और स्टार पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें पदोन्नति की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों में भी वृद्धि है। सभी कर्मी पूरी ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करना सभी पुलिसकर्मियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
