


हमीरपुर से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। कोतवाली नगर क्षेत्र में शिवराज नामक युवक को पुलिस द्वारा वारंट के अनुपालन में लाए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर पुलिस पर गलत व्यक्ति को हिरासत में लेने और मारपीट करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के बाद एडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तथा घायल युवक को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की गई।कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि वारंटी की जगह दूसरे युवक शिवराज को पुलिस उठा लाई, जिसके साथ मारपीट की गई। उनका कहना है कि घायल युवक का उपचार कानपुर में चल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने जिले की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।वहीं, पुलिस की ओर से जारी बयान में बताया गया कि वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के तहत 4 जुलाई को गैर-जमानती वारंट के अनुपालन में शिवराज को कोतवाली लाया गया था। तस्दीक के दौरान उसके पिता का नाम वारंट में दर्ज विवरण से अलग पाया गया। पुलिस के अनुसार इसी दौरान युवक आक्रोशित होकर स्वयं खिड़की पर हाथ मारने लगा, जिससे उसके हाथ में चोट आई। पुलिस का कहना है कि युवक द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों की सीसीटीवी फुटेज सहित उच्च स्तर पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण में संबंधित उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया जा चुका है। विस्तृत जांच प्रचलित है। अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द कुमार वर्मा ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति वर्तमान में स्थिर है।