

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर (सरीला)। जनपद के चिकासी थाना क्षेत्र के इछौरा-बेंदा मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे खराब खड़े मोरंग लदे डंपर की मरम्मत के दौरान 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से डंपर में भीषण आग लग गई। हादसे में डंपर के खलासी की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, डंपर खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। चालक जितेंद्र, निवासी कालपी, एक मिस्त्री के साथ डंपर की मरम्मत कर रहा था। इसी दौरान खलासी आशीष उर्फ बबलू (19), निवासी कदौरा (जालौन) मोबाइल पर बात करते हुए डंपर के ऊपर चढ़ गया। तभी वह ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही डंपर में आग भड़क उठी और आशीष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।