A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशहमीरपुर

हमीरपुर :शादी समारोह में शामिल होने आए मासूम की ट्रक से कुचलकर मौत, ढाई घंटे लगा रहा जाम

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब दूल्हे के भांजे की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और बरातियों ने शव सड़क पर रखकर करीब ढाई से तीन घंटे तक जाम लगाए रखा। पुलिस और प्रशासन को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

Related Articles

जानकारी के अनुसार जनपद जालौन के चंदरसी कस्बा निवासी दीपक राजपूत की शादी मुस्करा थाना क्षेत्र के खड़ेही लोधन गांव निवासी अशोक राजपूत की बेटी के साथ राठ रोड स्थित विक्रम पैलेस में हो रही थी। शादी में शामिल होने आए दूल्हे के बहनोई राजकुमार अपने 9 वर्षीय बेटे अनिकेत और पत्नी के साथ वापस उरई जाने के लिए गेस्ट हाउस से बाहर निकले थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े अनिकेत को राठ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना से आक्रोशित बरातियों ने ट्रक का पीछा कर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा के पास पकड़ लिया। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुस्करा चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना करने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने यह भी बताया कि घटना के बाद कुछ लोगों ने थाना परिसर में घुसकर अभद्रता की। इस मामले में मार्ग अवरुद्ध करने और थाना परिसर में हंगामा करने के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Show More
Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!