

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री घनश्याम मीना ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कुल 89 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का जिलाधिकारी ने मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर दिया।
शेष शिकायतों के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम, खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) व अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल/जूम एप के माध्यम से बैठक कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में नियमित जनसुनवाई करें और जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि जनसुनवाई, आईजीआरएस व अन्य माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करें तथा समय से आख्या प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।