
डिंडौरी : 24 मार्च, 2026
विकासखंड बजाग के तहसील भवन सभागार में मंगलवार को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन ने की। बैठक में CSC के माध्यम से ग्रामीणों को प्रदान की जा रही विभिन्न शासकीय सेवाओं की समीक्षा एवं विस्तार पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम रामबाबू देवांगन ने सभी CSC संचालकों (VLE) को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से समग्र e-KYC, खसरा e-KYC, फार्मर रजिस्ट्री (किसान पंजीयन) तथा श्रम कार्ड निर्माण एवं अपडेशन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जो CSC संचालक अपनी पंचायतों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करेंगे, उन्हें प्रशासन द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
टेली-लॉ सेवा पर दिया गया प्रशिक्षण
बैठक के दौरान भारत सरकार के न्याय विभाग की ‘टेली-लॉ’ सेवा पर विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। संचालकों को जानकारी दी गई कि अब ग्रामीण CSC केंद्रों के माध्यम से सीधे वकीलों से कानूनी सलाह प्राप्त कर सकते हैं। विशेष रूप से अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग एवं महिलाओं के लिए यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है।
VLE संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में टेली-लॉ सेवा का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही सरल और सुलभ न्यायिक परामर्श मिल सके।
बैठक में जिला प्रबंधक CSC श्री दीपेंद्र सिंह, सहायक प्रबंधक, ई-गवर्नेंस श्री भरत अग्रवाल सहित विकासखंड के सभी CSC संचालक उपस्थित रहे।