

ब्रेकिंग न्यूज़: बस्ती
जनपद बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र के बैडारी एहतमाली गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देर रात एक बेखौफ दबंग युवक किशोरी के घर पहुंचा और घर के बरामदे में सो रही किशोरी पर अचानक दो राउंड फायर कर दिए।
गोली की आवाज सुनकर जब मां की नींद खुली तो आरोपी ने उस पर भी तमंचा तान दिया। हालांकि फायर मिस होने से मां की जान बच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना परिजनों ने तत्काल 112 पीआरबी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजन घायल नाबालिग को तुरंत सीएचसी कुदरहा ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि आरोपी युवक ने पहले भी किशोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसके चलते उसके खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत और सीओ संजय सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।