A2Z सभी खबर सभी जिले की

बस्ती: जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, कई घायल, पुलिस की तत्परता से टली बड़ी घटना

अखंड भारत न्यूज़
बस्ती: जमीनी विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, कई घायल, पुलिस की तत्परता से टली बड़ी घटना

बस्ती। बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मझेरिया में पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हिंसक संघर्ष में बदल गई। देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे कई लोग घायल हो गए। कुछ घायलों के सिर फट गए, जबकि कई को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद कई लोग मूकदर्शक बने रहे और घटना का वीडियो बनाते नजर आए। इसी बीच *पत्रकार प्रेस ऑफ इंडिया के जिला अध्यक्ष संदीप कुमार निषाद* ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल डायल-112 पुलिस और डायल-108 एम्बुलेंस को सूचना दी।

Related Articles

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वाल्टरगंज ने तुरंत गनेशपुर चौकी प्रभारी को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। चौकी प्रभारी एवं डायल-112 पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया और भीड़ को वहां से हटवाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। वर्तमान में गांव की स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।

इस मारपीट की घटना में एक पक्ष से राम तौल पुत्र राम बिलास गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनके परिवार के साक्षी पुत्री राम तौल, मिनाक्षी पुत्री राम तौल, खुशी पुत्री राम तौल, सचिन पुत्र राम तौल और मोनिका पत्नी राम तौल को भी चोटें आई हैं। वहीं दूसरे पक्ष से राम दास पुत्र उदाली एवं गुंजा पुत्री राम दास घायल हुई हैं।

सभी घायलों को डायल-108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल बस्ती भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया। राम तौल का इलाज अभी जारी है, हालांकि सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर गनेशपुर चौकी भेज दिया है। मामला गनेशपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मझेरिया से जुड़ा हुआ है।
रिपोर्टर : बलराम निषाद
अखंड भारत न्यूज़ बस्ती

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!