मौदहा (हमीरपुर)। मौदहा तहसील क्षेत्र के मांचा गांव स्थित हजरत सैय्यद मरदान अली शाह बुखारी मांचवी रह.
की दरगाह पर चार दिवसीय सालाना उर्स 29 नवंबर से शुरू होगा। 2 दिसंबर तक चलने वाले इस उर्स में क्षेत्र के अलावा दूर-दराज के जनपदों से भी बड़ी संख्या में जायरीन और श्रद्धालु शिरकत करेंगे।
उर्स के दौरान होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों और महफिले समां में हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों की भागीदारी आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करेगी। पूर्व प्रधान मरहूम जव्वाद अली के बेटे जीशन अली ने बताया कि उर्स के पहले दिन 29 नवंबर को फज्र की नमाज के बाद कुरआन ख्वानी, जुहर के बाद फातिहा ख्वानी व लंगरे आम और इशा की नमाज के बाद महफिले समां का आयोजन होगा।
30 नवंबर को कुरआन ख्वानी, फातिहा ख्वानी, चादरपोशी, लंगरे आम और महफिले समां होगी। वहीं, 1 दिसंबर को कुरआन ख्वानी, फातिहा ख्वानी, लंगरे आम और रात में महफिले समां आयोजित की जाएगी।
उर्स के अंतिम दिन 2 दिसंबर को सुबह 10 बजे रंग व कुल की रस्म अदा की जाएगी। इसी के साथ चार दिवसीय उर्स का समापन होगा।
उर्स को लेकर अकीदतमंदों में खासा उत्साह रहता है। आयोजकों की ओर से क्षेत्रवासियों और दूर-दराज से आने वाले सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है।
