कोटपूतली-बहरोड़। जिले में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस ने एक साथ 111 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 33 लाख रुपये बताई गई है।
लंबे समय से अपने मोबाइल फोन खोने के बाद परेशान लोगों को जब पुलिस ने उनके फोन वापस लौटाए, तो उनके चेहरों पर खुशी देखने को मिली। मोबाइल वापस मिलने पर परिवादियों ने जिला पुलिस की सराहनीय कार्यवाही के लिए आभार जताया।
यह विशेष अभियान महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश IPS के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड़ सतवीर सिंह IPS के मार्गदर्शन में चलाया गया। साइबर थाना थानाधिकारी के सुपरविजन में जिला साइबर सेल ने अभियान को अंजाम दिया।
जिले के सभी पुलिस थानों की टीमों ने तकनीकी दक्षता, कड़ी मेहनत और लगातार प्रयासों के जरिए गुमशुदा मोबाइल फोन तलाशने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह IPS ने पुलिस कार्यालय में उपस्थित परिवादियों को उनके बरामद मोबाइल फोन सुपुर्द किए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की इस पहल को राहत देने वाली कार्रवाई बताया।
पुलिस की आमजन से अपील
जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तुरंत संबंधित पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाएं तथा CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन ब्लॉक करवाएं। इससे गुमशुदा मोबाइल की तलाश और बरामदगी में सहायता मिल सकती है।
111 मोबाइल फोन की बरामदगी जिला पुलिस की साइबर तकनीक और समन्वित प्रयासों का बड़ा परिणाम मानी जा रही है।
