केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा की अध्यक्षता में हुई बैठक, कन्या भ्रूण हत्या रोकने और बालिकाओं के संरक्षण पर हुई विस्तृत चर्चा…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार ।। पीसी एंड पीएनडीटी (गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन और बालिकाओं के संरक्षण को लेकर केंद्रीय पर्यवेक्षण बोर्ड की 32वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने की।
बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, सावित्री ठाकुर, सांसद डॉ. शोभा दिनेश, डॉ. बायरेड्डी शाबरी और रेखा शर्मा सहित स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न राज्य सरकारों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में पीसी एंड पीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को और मजबूत बनाने, लिंग आधारित भ्रूण चयन पर रोक लगाने तथा बालिकाओं के अधिकारों एवं संरक्षण को सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई को रोकने के लिए कानून का सख्ती से पालन कराने के साथ जनजागरूकता और प्रशासनिक निगरानी को भी प्रभावी बनाया जाए। बालिकाओं के सुरक्षित भविष्य और समान अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।
