आलीराजपुर जिला ब्यूरोचिफ दीपक शर्मा
उदयगढ़ पुलिस ने अवैध शराब का परिवहन करते बोलेरो वाहन सहित 51.840 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब की जप्त।
जोबट पुलिस ने 240 बल्क लीटर अवैध बीयर की 20 पेटियां की जप्त।
दोनों कार्यवाहियों में कुल 291.840 बल्क लीटर अवैध शराब जप्त, जप्त मशरूका की कुल कीमत 9,09,248 रुपये।
आलीराजपुर:- आलीराजपुर जिले की समस्त तहसील में पुलिस विभाग शराब माफिया पर नकेल कस रही है
पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर समर वर्मा ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा इस प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही करने हेतु जिले के समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के पालन में आलीराजपुर पुलिस द्वारा निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
थाना उदयगढ़ की कार्यवाही
18 नवम्बर 2026 को थाना उदयगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि राणापुर की ओर से एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा ग्राम जाबुखेड़ा, उदयगढ़-राणापुर मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध बोलेरो वाहन क्रमांक MP 70 C 1045 को रोका गया। वाहन चालक द्वारा भागने का प्रयास किया गया, जिसे पुलिस टीम ने तत्परतापूर्वक पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम शंकर सिंह पिता जोगड़िया चौहान, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम पलास्दा, थाना जोबट, जिला आलीराजपुर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बैगपाइपर डिलक्स व्हिस्की की 06 पेटियां, कुल 288 क्वार्टर (180 एमएल प्रति क्वार्टर), कुल 51.840 बल्क लीटर शराब, जिसकी कीमत 49,248 रुपये है, बरामद हुई। शराब परिवहन संबंधी वैध लाइसेंस नहीं पाए जाने पर उक्त शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, जिसकी अनुमानित कीमत 8,00,000 रुपये है, को विधिवत जप्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 368/2026 धारा 34(1), 34(2), 46 आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
थाना जोबट की कार्यवाही
इसी क्रम में 18 नवम्बर 2026 को थाना जोबट पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम चगदी के मोहनी फलिया में अनिल पिता भुरू भील द्वारा अपने घर के पास दीवार की आड़ में अवैध बीयर छिपाकर रखी गई है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर स्वतंत्र पंचों की उपस्थिति में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अनिल भील के घर के पास छिपाकर रखी गई माउंट 6000 कंपनी की बीयर की कुल 20 पेटियां बरामद हुईं। जप्त बीयर में बैच नंबर 169 की 15 पेटियां, बैच नंबर 102 की 03 पेटियां एवं बैच नंबर 083 की 02 पेटियां शामिल हैं। प्रत्येक पेटी में 500 एमएल के 24 सीलबंद टीन के डिब्बे पाए गए। इस प्रकार कुल 240 बल्क लीटर बीयर, जिसकी अनुमानित कीमत 60,000 रुपये है, जप्त की गई। उक्त शराब के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर आरोपी अनिल पिता भुरू परूड़िया, निवासी मोहनी फलिया, ग्राम चगदी, थाना जोबट के विरुद्ध अपराध क्रमांक 503/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
इस प्रकार दोनों प्रकरणों में कुल 290.84 बल्क लीटर शराब कीमती 1,09,248/-रूपये एवं शराब परिवहन में जप्त बोलेरो कीमती 8 लाख रूपये की जप्त किया गया है।
