संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़
पांढुर्णा। मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शुक्रवार 20 नवंबर को पांढुर्णा जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे प्रातः 6 बजकर 6 मिनट पर ट्रेन से पांढुर्णा रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। इसके बाद प्रातः 9 बजकर 30 मिनट पर भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। प्रातः 10 बजकर 10 मिनट से 10 बजकर 50 मिनट तक वे भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे। इसके बाद वे प्रातः 10 बजकर 50 मिनट पर ग्राम भंदारगोंदी के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 11 बजे वहां आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर वे वापस होटल के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर पांढुर्णा रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत जिले में प्रत्येक शुक्रवार को जनविश्वास अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 20 नवंबर को पांढुर्णा एवं सौंसर अनुभाग में जनविश्वास अभियान के तहत क्षेत्र भ्रमण किया जाएगा। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार पांढुर्णा अनुभाग के भंदारगोंदी जनविश्वास सेक्टर के अंतर्गत भंदारगोंदी ग्राम में भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार सौंसर अनुभाग के रामाकोना जनविश्वास सेक्टर के अंतर्गत रामाकोना एवं बिछुआ ग्राम में अभियान के तहत भ्रमण किया जाएगा। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित जनविश्वास सेक्टरों में भ्रमण कर जनसमस्याओं के निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोकथाम के लिए खनिज विभाग द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग के दल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसील पांढुर्णा के ग्राम साइखेड़ा मार्ग पर डंपर क्रमांक एमएच 40 डीसी 3323 एवं ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 28 एसी 8179 को वैध परिवहन अनुमति संबंधी दस्तावेजों के अभाव में रेत का परिवहन करते हुए पाया गया। खनिज विभाग के दल ने दोनों वाहनों को खनिज सहित नियमानुसार जब्त कर लिया। जब्त किए गए दोनों वाहनों को पुलिस थाना बड़चिचोली परिसर में शासकीय अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। साथ ही खनिज नियमों के प्रावधानों के अंतर्गत अवैध परिवहन के प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। संबंधित वाहन स्वामियों पर अर्थदंड अधिरोपित किए जाने के लिए प्रकरणों को निर्णयन हेतु कलेक्टर न्यायालय पांढुर्णा के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जाएगी। उक्त कार्रवाई के दौरान खनि अधिकारी यामिनी उईके सहित खनिज विभाग का अमला उपस्थित रहा।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त बी आर वैद्य के मार्गदर्शन में जिले में अवैध एवं नकली शराब के निर्माण संग्रहण और विक्रय पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 नवंबर को आबकारी विभाग के दल ने पांढुर्णा वृत्त के ग्राम नीलकंठ तथा सौंसर वृत्त के ग्राम सीतापार एवं पिपलानारायनवार में संदिग्ध मकानों एवं अवैध शराब निर्माण स्थलों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान हाथ भट्टी महुआ शराब बनाने के लिए एकत्रित लगभग 1700 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। लाहन का नमूना लेकर शेष लाहन अनुपयोगी होने के कारण विधिवत नष्ट किया गया। साथ ही 24 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त कर आबकारी विभाग ने अपने कब्जे में ली। इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 एक क एवं 34 एक च के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं। इसी क्रम में जिले में संचालित कंपोजिट मदिरा दुकानों एवं मदिरा बार का निरीक्षण किया गया। इस दौरान क्यूआर कोड स्कैन कर मदिरा की वैधता की जांच भी की गई। उक्त कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी भारती गौंड वृत्त प्रभारी अनिकेत पटेल तथा आबकारी आरक्षक जीत धुर्वे उत्कर्ष ठाकरे एवं अंकुश मरावी सम्मिलित रहे।
मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान योजना के अंतर्गत जरूरतमंद मरीजों को उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा स्वेच्छानुदान मद से वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के दो हितग्राहियों के लिए कुल 85 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। जारी स्वीकृति आदेश के अनुसार ग्राम बोरगांव तहसील सौंसर निवासी श्री प्रभाकर बोबड़े पिता श्री मिराजी को उपचार हेतु 65 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि नागपुर स्थित श्रीकृष्णा हृदयालय एवं क्रिटिकल केयर सेंटर को भुगतान की जाएगी। इसी प्रकार ग्राम सायखेड़ा तहसील सौंसर निवासी सुश्री सोनल गोलाईत पिता श्री मुनीराज को उपचार के लिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि नागपुर स्थित सफल मल्टीकेयर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट को भुगतान की जाएगी। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा 18 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान संबंधित चिकित्सा संस्थानों के बैंक खातों में किया जाएगा।
जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कार्यालय की आपूर्ति शाखा द्वारा मैरिज हॉल लॉन गार्डन एवं कैटरिंग प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग की जांच करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। प्रशासन को इन प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद आपूर्ति शाखा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार संबंधित अधिकारी मैरिज हॉल लॉन गार्डन एवं कैटरिंग प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की जांच करेंगे। घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग एवं आपूर्ति पर रोक लगाने के साथ ही नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही प्रतिष्ठानों में गैस सिलेंडरों के वैध उपयोग से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करने के लिए सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
