हमीरपुर। विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान के शुभारंभ पर मंगलवार को अंबेडकर पार्क से जागरूकता रैली निकाली गई।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का संदेश दिया।
डीएम ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
इसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। इन दिनों बीएलओ मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर आवेदन प्राप्त करेंगे।
उन्होंने नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और पात्र होने पर नाम जुड़वाने की अपील की। अभियान के दौरान डुप्लीकेट, मृतक और स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध किया जाएगा।
रैली में प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
