मौदहा (हमीरपुर)। क्षेत्र के रमना डेरा के पास स्थित प्रसिद्ध बड़े देव बाबा के स्थान पर आयोजित मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सुबह से ही आसपास के गांवों से श्रद्धालुओं और मौनिया के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। रमना, सिलौली, मांचा, डुंगवा सहित आसपास के कई गांवों के मौनिया मेले में शामिल होने पहुंचे।
पूरे दिन मेले में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा। मेले का मुख्य आकर्षण बुंदेली संस्कृति की पहचान दीवारी नृत्य रहा।
विभिन्न गांवों से आए मौनिया ने पारंपरिक अंदाज में दीवारी नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। ढोल-नगाड़ों की थाप और बुंदेली लोकधुनों पर थिरकते कलाकारों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
दीवारी नृत्य का कार्यक्रम पूरे दिन चलता रहा और इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। वहीं, बड़े देव बाबा के स्थान पर भजन-कीर्तन का विशेष आयोजन किया गया।
भक्ति गीतों और भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। देर रात तक चले भजन-कीर्तन में श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
मेले में ग्रामीण संस्कृति, लोक परंपरा और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए मौदहा कोतवाली पुलिस सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रही।
पुलिस की मौजूदगी में मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
