पिपरिया के समीप ग्राम खापरखेड़ा में सोमवार सुबह एक 54 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान *ओमकार उर्फ गोटू पटेल (54), निवासी खापरखेड़ा* के रूप में हुई है।
बताया गया कि ओमकार रविवार रात अपनी चाय की दुकान पर सोने गया था। सुबह जब उसका शव मिला तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
*रात 12:19 बजे सुनाई दी थी 'मारो-मारो' की आवाज*
ग्रामीण मुकेश पटेल के अनुसार, रात करीब 12:19 बजे नदी पार खेत में धान की रखवाली के दौरान 'मारो-मारो' की आवाजें सुनाई दी थीं। इसके बाद सुबह ओमकार का शव मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया।
*पुलिस को हत्या का शक*
थाना उपनिरीक्षक मानिक सिंह बट्टी के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए पिपरिया शासकीय अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
