संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुर्णा
पांढुर्णा, 10 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश शासन के सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार जिले में शनिवार को एक साथ पांच महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। “सेवा मेरा योगदान” की थीम पर आयोजित इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान से लेकर विद्यार्थियों के प्रोत्साहन, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, नशामुक्ति और कैरियर मार्गदर्शन तक समाज के हर वर्ग को जोड़ा गया।
जिला मुख्यालय पांढुर्णा में जनपद पंचायत द्वारा वरिष्ठ नागरिक सम्मान दिवस एवं ‘हमारे बच्चे, हमारा सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके अनुभवों व समाज में योगदान के प्रति आदर व्यक्त किया गया। साथ ही बच्चों की सहभागिता से सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति समाज की जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, एसडीएम श्रीमती अलका एक्का, जनपद सीईओ सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जिले के समस्त विद्यालयों में ‘एक विद्यार्थी–एक संकल्प’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को स्कूल बैग एवं पुस्तकों का वितरण किया गया। विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने और शिक्षा के माध्यम से लक्ष्य प्राप्ति के लिए संकल्पित होने हेतु प्रेरित किया गया।
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सौंसर विकासखंड के जामसांवली स्थित मानसिक स्वास्थ्य परामर्श केंद्र में ‘लिव लव लॉफ’ सामुदायिक मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस वर्ष की थीम “अनुभवों की आवाज़ सुनें, वास्तविक बदलाव लाएं” रही। संस्था निदेशक श्री विजय धवले ने कहा कि “मानसिक स्वास्थ्य के लिए सुनना, समझना और साथ देना जरूरी है।” देखभालकर्ता संगठन के श्री निलेश पराड़कर ने कहा कि मानसिक परेशानियों को छिपाने के बजाय खुलकर बात करना चाहिए। संस्था द्वारा प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को यहां निःशुल्क मनोचिकित्सकीय ओपीडी भी आयोजित की जाती है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय विज्ञान महाविद्यालय सौंसर में नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशामुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को तंबाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई तथा नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई।
वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मारूड में जिला रोजगार कार्यालय द्वारा कैरियर परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 97 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार कैरियर विकल्पों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग, सहभागिता और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना है, जिसके तहत जिले में लगातार जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
