सरीला (हमीरपुर) किसानों को उन्नत खेती के प्रति जागरूक करने और बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र कुरारा द्वारा अनुसूचित जाति उपयोजना के अंतर्गत ग्राम चंडौत में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गांव के 50 किसानों को सरसों की सुरेखा प्रजाति का निःशुल्क बीज वितरित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसपी सोनकर ने किसानों को सरसों की फसल की बुवाई, देखभाल, फसल प्रबंधन और अधिक पैदावार प्राप्त करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस पहल से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज के साथ सरसों की बेहतर खेती करने की जानकारी भी मिली।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि महिपाल सिंह, मंगल सिंह सहित गांव के किसान मौजूद रहे।
