हमीरपुर। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत दीपावली पर पात्र परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल का लाभ देने के लिए सब्सिडी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी अंतरित की। इसी क्रम में जनपद हमीरपुर के 1,60,867 उज्ज्वला लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 10 करोड़ 36 लाख 46 हजार 608 रुपये भेजे गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर एवं सब्सिडी के डेमो चेक वितरित किए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार गरीब परिवारों एवं महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिलने के साथ उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि योजना का लाभ सभी पात्र परिवारों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों को गैस रिफिल की सुविधा उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा गैस आपूर्ति सुचारु रखी जाए।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, एडीएम राकेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुवराज यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, गैस एजेंसी संचालक और बड़ी संख्या में महिला लाभार्थी मौजूद रहीं।
