हमीरपुर। मुस्करा थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी हीरालाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी को घटना से जुड़े साक्ष्य संकलन के लिए घटनास्थल पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान आरोपी ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, एक नवंबर 2026 को मुस्करा कस्बे में तीन वर्षीय बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान आरोप है कि हीरालाल नाम का युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
आरोप है कि वह बच्ची को अरहर के खेत में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी। रविवार रात करीब आठ बजे बच्ची का शव खेत में बरामद हुआ।
मासूम का शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान पुलिस के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिली। विरोध के बीच पथराव की घटना में पुलिस की कई गाड़ियों के शीशे टूटने की जानकारी सामने आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची के पिता की तहरीर के आधार पर थाना मुस्करा में नामजद अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के सफल अनावरण के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं।
टीमों ने कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त हीरालाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को साक्ष्य संकलन के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया था।
इसी दौरान उसने अवैध तमंचे से पुलिस टीम को निशाना बनाकर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी।
घायल आरोपी को पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस कार्रवाई की जानकारी अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने दी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई है।
