डिण्डौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले के लगभग 134 हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण एवं विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। “विकसित भारत की संकल्पना” विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।प्रतियोगिताओं में जिले की लगभग 750 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचारों एवं कल्पनाओं को चित्रकला और प्रभावशाली वक्तव्य के माध्यम से प्रस्तुत किया।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रयपुरा में विधायक ओम प्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू ब्यौहार, अध्यक्ष भा ज पा चमरू नेताम उपस्थित हुए । विधायक धुर्वे ने चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्र/छात्राओं से विकसित भारत की संकल्पना पर संवाद किया।
छात्र/छात्राओं ने विकसित भारत के सपने को शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता, तकनीकी प्रगति, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार एवं सामाजिक सहभागिता जैसे विभिन्न आयामों से जोड़ते हुए अपनी रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यालयों में अभिभावकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी रही। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया।
इससे विद्यालय, अभिभावक एवं समाज के बीच सहभागिता का सकारात्मक वातावरण निर्मित किया जा रहा है। चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने रंगों के माध्यम से अपने कल्पित विकसित भारत की तस्वीर प्रस्तुत की, जबकि भाषण प्रतियोगिता में उन्होंने अपने विचारों से यह संदेश दिया कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं में रचनात्मक अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आगामी अवधि में भी विद्यालय स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
जिला प्रशासन एवं जनजाति कार्य विभाग द्वारा अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विद्यालयों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय समुदाय की सहभागिता को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से “सेवा से संकल्प और संकल्प से विकसित भारत” की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
