पुंछ ट्रैफिक पुलिस ने दिवाली से पहले संभाली कमान, लोगों से की सही जगह वाहन पार्क करने की अपील
पुंछ, 06 नवंबर:
राजेश कुमार
दिवाली के त्योहारी सीजन को देखते हुए पुंछ ट्रैफिक पुलिस ने शहर के मुख्य बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष अभियान छेड़ दिया है।
बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़ के बीच जाम की स्थिति न बने, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी खुद सड़कों पर उतरकर मोर्चा संभाल रहे हैं। ट्रैफिक निरीक्षक (DTI) पुंछ मंजूर कोहली और एसओ मारूफ खान ने अपनी टीम के साथ बाजार के व्यस्त इलाकों का जायजा लिया और यातायात नियंत्रण का निरीक्षण किया, ताकि लोग बिना किसी असुविधा के त्योहार की खरीदारी कर सकें।
ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे बाजार में प्रवेश करने से पहले अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें। इसके साथ ही सड़कों के किनारे अवैध पार्किंग से बचने और यातायात पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया गया है।
ट्रैफिक पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य त्योहारी सीजन के दौरान खरीदारों और स्थानीय व्यापारियों को किसी भी तरह की परेशानी से बचाना और शहर में सुचारू यातायात सुनिश्चित करना है।
