हमीरपुर। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इमिलिया में 50 बेड के क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी अशोक कुमार ने निर्माणाधीन अस्पताल का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
वर्तमान में फर्श, फॉल्स सीलिंग सहित अन्य फिनिशिंग के कार्य कराए जा रहे हैं। निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को गंभीर बीमारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अस्पताल में 50 बेड की व्यवस्था के साथ दो ऑपरेशन थिएटर बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा मरीजों की स्थिति और गंभीरता के अनुसार रेड, येलो एवं ग्रीन जोन विकसित किए जा रहे हैं, जिससे मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की गुणवत्ता की जांच जून माह में बांदा इंजीनियरिंग कॉलेज द्वारा की गई थी।
जांच के दौरान सामने आई कमियों को कार्यदायी संस्था की ओर से दूर कर लिया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और तकनीकी गुणवत्ता का कड़ाई से पालन किया जाए।
साथ ही निर्माण के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कमी सामने न आए। कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल एवं संबंधित अभियंताओं ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि निर्माण और फिनिशिंग का कार्य निर्धारित गति से जारी है।
परियोजना को जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
ऐसे में क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल के निर्माण में तेजी लाते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि परियोजना को निर्धारित समय पर पूरा करने के लिए लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि अस्पताल जल्द शुरू होकर क्षेत्रवासियों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ दे सके।
