हमीरपुर। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने देर शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि मरीजों को समुचित उपचार उपलब्ध कराएं और बिना पर्याप्त चिकित्सकीय आवश्यकता के दूसरे अस्पतालों में रेफर न करें। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.
बीएस राजपूत सहित चिकित्सक मौजूद मिले। अस्पताल में एक दुर्घटनाग्रस्त मरीज का उपचार चल रहा था, जबकि एक महिला मरीज भर्ती मिली।
डीएम ने दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल की टूटी बाउंड्री वॉल की मरम्मत कराने, मुख्य गेट के आसपास अतिक्रमण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा चिकित्सकों के नाम, फोटो और ड्यूटी समय का सूचना बोर्ड लगवाने को कहा।
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कमी पर भी जानकारी ली। उन्होंने सीएमओ के माध्यम से शासन स्तर पर पत्राचार कर चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने और अल्ट्रासाउंड मशीन सहित जरूरी उपकरणों की व्यवस्था के प्रयास करने की बात कही।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को समय से उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
