पंडरिया। सतनामी समाज के आराध्य बाबा गुरु घासीदास जी और समाज के विरुद्ध कथित जातिसूचक एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है।
इस संबंध में सतनामी समाज के लोगों ने पंडरिया थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायतकर्ताओं द्वारा दिए गए आवेदन के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1 बजकर 50 मिनट पर फोन कॉल के दौरान चिरंजीव चंद्राकर नामक व्यक्ति पर बाबा गुरु घासीदास जी एवं सतनामी समाज के प्रति कथित रूप से अशोभनीय, अश्लील और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में संबंधित व्यक्ति की पहचान से जुड़ी जानकारी भी पुलिस को दी गई है। ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग को साक्ष्य के रूप में पेश करने की बात
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कथित घटना से संबंधित ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट उनके पास सुरक्षित हैं, जिन्हें जांच के दौरान साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है।
समाज के लोगों के अनुसार, इस प्रकार की टिप्पणी से उनकी धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि ऐसी घटनाओं से सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है और समाज में तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है।
