मौदहा, हमीरपुर। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन रविवार को मौदहा तहसील क्षेत्र के सायर गांव में भक्तिमय माहौल के बीच मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
इस अवसर पर नवयुवक श्री नव दुर्गा कमेटी बागेश्वर धाम एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से भव्य पंडाल सजाकर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा स्थापना के बाद श्रद्धालुओं ने मां की आरती उतारी और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलकामना के लिए प्रार्थना की।
नवरात्रि के प्रथम दिन मां शैलपुत्री के स्वरूप में सजे देवी दरबार की आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रही। मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
पंडाल में पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा की और मां के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
गौरतलब है कि सायर गांव में नवयुवक श्री नव दुर्गा कमेटी बागेश्वर धाम एवं ग्रामवासियों के सहयोग से प्रतिवर्ष शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नवरात्रि के पहले दिन प्रतिमा स्थापना के साथ नौ दिवसीय उत्सव का शुभारंभ किया गया।
कमेटी की ओर से होंगे धार्मिक आयोजन
कमेटी के कार्यकर्ताओं ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के चौथे एवं पांचवें स्वरूप की आराधना के अवसर पर विशेष कार्यक्रमों के साथ विशाल रामलीला का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही पंचमी के दिन विशाल कन्या भोज का आयोजन भी प्रस्तावित है।
इन कार्यक्रमों में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही सायर गांव में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।
श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में लीन होकर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
