मौदहा, हमीरपुर। रागौल रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर पोल संख्या 1336/27 के पास गुरुवार को करीब 40-45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
शव सिजनौड़ा और परछा चौकी के बीच रेलवे ट्रैक के पास पड़ा मिला। स्टेशन मास्टर की सूचना पर मौदहा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आसपास के लोगों को बुलाकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन देर तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। प्रथम दृष्टया व्यक्ति की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
