मौदहा, हमीरपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मौदहा तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन बड़े चौराहा से शुरू होकर नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर SIR प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष सुनील यादव ने किया।
तहसील परिसर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा कराई जा रही SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि कई पात्र मतदाताओं के नाम बिना उचित कारण मतदाता सूची से हटाए जाने, अपात्र या फर्जी नाम शामिल किए जाने तथा मतदाता सूची में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं।
उन्होंने प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित किए जाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि SIR के दौरान गरीब, छात्र, महिलाओं और वंचित वर्ग के मतदाताओं से अनावश्यक दस्तावेज मांगे जाने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, उनका पारदर्शी तरीके से पुनर्मूल्यांकन कराया जाए और सामने आई शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़” और “चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाते हुए अपनी नाराजगी जताई।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मतदाता अधिकारों की सुरक्षा, SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
