हमीरपुर। राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर में आयोजित तीन दिवसीय जनपद स्तरीय शैक्षिक खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ जिलाधिकारी हमीरपुर श्री अशोक कुमार एवं नगरपालिका अध्यक्ष श्री कुलदीप निषाद द्वारा हरी झंडी दिखाकर तथा गुब्बारे छोड़कर किया गया। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही बालक एवं बालिका वर्ग की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का भी आगाज हुआ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रतिभागी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह जनपद के लिए गौरव का विषय है कि प्रतियोगिता का आयोजन ऐसे ऐतिहासिक स्टेडियम में हो रहा है, जहां हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी ने अपने खेल जीवन की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, परिश्रम, खेल भावना और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार और जीत एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। प्रतियोगिता में पराजित होने वाले खिलाड़ियों को निराश होने के बजाय अपनी कमियों की समीक्षा कर उनसे सीख लेते हुए और अधिक मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। वहीं विजेता खिलाड़ियों को अपनी सफलता को नई जिम्मेदारी के रूप में लेते हुए मंडल, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद तथा देश का नाम रोशन करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे सभी बालक-बालिका खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी अनुशासन एवं सकारात्मक खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करे। प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी कोच एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में उपस्थित संभ्रांत नागरिकों, शिक्षकों, पत्रकार बंधुओं तथा नन्हे-मुन्ने प्रतिभागी खिलाड़ियों का अभिनंदन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं सुखद समापन की शुभकामनाएं दी गईं।
इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, कोच, शिक्षकगण, प्रतिभागी खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
