मौदहा (हमीरपुर)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में गुरुवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मौदहा में POCSO Act, 2012 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को बाल यौन अपराधों से बचाव, कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल जज (जूनियर डिवीजन), मौदहा बृजेश कुमार पटेल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजलि गौतम ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान छात्राओं को POCSO Act के महत्वपूर्ण प्रावधानों, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान तथा किसी अप्रिय घटना की स्थिति में अभिभावक, शिक्षक या संबंधित अधिकारी को तत्काल सूचना देने की जानकारी दी गई।
साथ ही जरूरत पड़ने पर विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। कार्यक्रम में महिला एवं बाल कल्याण विभाग से तबस्सुम परवीन एवं महिमा राजपूत, पीएलवी शिवनारायण एवं पवन कुमार, एचटीयू थानाध्यक्ष राकेश यादव समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं।
अधिकारियों ने छात्राओं से किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में चुप न रहने और समय रहते सूचना देने की अपील की।
