मौदहा, हमीरपुर। कस्बा मौदहा निवासी दिव्यांग महिला रुखसार बानो ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर अपनी भूमि पर जबरन कब्जा किए जाने का आरोप लगाया।
महिला ने भूमि को कब्जामुक्त कराने के साथ ही परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई। उपजिलाधिकारी ने मामले में आवश्यक कार्रवाई कर कथित कब्जा हटवाने का आश्वासन दिया।
प्रार्थना पत्र के अनुसार रुखसार बानो पुत्री फतेह मोहम्मद खान के पिता की बेनामा संपत्ति अरतरा चौराहा-सिसोलर रोड स्थित करीब 50×100 फीट भूमि है। महिला का आरोप है कि 15 सितंबर 2026 को रजा मोहम्मद खान ने कथित रूप से जबरन भूमि पर कब्जा कर रातों-रात तार और बैनर लगाकर उसे घेर लिया।
महिला ने आरोप लगाया कि कब्जा हटाने की बात कहने पर उसके और वृद्ध पिता के साथ गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। प्रार्थना पत्र में अन्य लोगों के साथ मिलकर परिवार को डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।
दिव्यांग महिला ने प्रशासन से भूमि की जांच कर कथित अवैध कब्जा हटवाने, लगाए गए तार व बैनर हटाकर जमीन खाली कराने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।
उपजिलाधिकारी ने महिला को मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई और भूमि से कब्जा हटवाने का आश्वासन दिया।
