अमनकुआ में पत्थर-मुरम उत्खनन का आरोप, ईटीएस मशीन से जांच और उच्चस्तरीय समिति गठित करने की मांग
दीपक शर्मा संवाददाता
अलीराजपुर:- ग्राम अमनकुआ, विकासखंड चंद्रशेखर आजाद नगर के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर से लंबे समय से हो रहे पत्थर एवं मुरम के उत्खनन को लेकर कलेक्टर अलीराजपुर को जनसुनवाई में आवेदन सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार अमनकुआ स्थित शासकीय सर्वे नंबर 260 एवं 620 की भूमि पर खनन गतिविधियां संचालित होने का आरोप है।
आवेदन में बताया गया है कि सर्वे नंबर 260 की भूमि पर करीब 8 वर्षों से पत्थर एवं मुरम का उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार खनन के चलते क्षेत्र में कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश के दौरान पानी भरने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने आवेदन में खनन कार्य के दौरान धूल, प्रदूषण और ब्लास्टिंग से आसपास के लोगों को हो रही परेशानी का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि भारी मशीनों के संचालन एवं ब्लास्टिंग से आसपास के घरों में कंपन महसूस होता है।
वहीं खनन क्षेत्र के आसपास की कृषि भूमि तथा बोर एवं नलकूपों के जलस्तर पर भी असर पड़ने का आरोप लगाया गया है।
