स्वार में पीएम पोषण योजना के तहत रसोइयों का सम्मान, कैशलेस चिकित्सा कार्ड का हुआ वितरण

स्वार। तहसील सभागार स्वार में रविवार को पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का लखनऊ से सजीव प्रसारण प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद स्वार की चेयरमैन श्रीमती रेशमा परवीन उपस्थित रहीं। उन्होंने पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों के कार्यों की सराहना करते हुए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में रसोइयों को सम्मानित करने के साथ ही उन्हें कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में “स्वस्थ बच्चे, शिक्षित बचपन, सही पोषण से रोशन नौनिहाल” के संकल्प को दोहराया गया।
कार्यक्रम में तहसील प्रशासन, उपजिलाधिकारी, खंड शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पीएम पोषण योजना से जुड़ी रसोइयां मौजूद रहीं। कार्यक्रम का आयोजन बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से किया गया।

