
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद में बाढ़ एवं अन्य आपदाओं से जनसामान्य के बचाव तथा आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट परिसर से विशेष जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) श्री विजय सिंह ने जन-जागरूकता प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अभियान के अंतर्गत जनपद के बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील ग्राम पंचायतों सहित अन्य क्षेत्रों में प्रचार वाहन के माध्यम से बाढ़, वज्रपात, सर्पदंश, डूबने तथा अन्य आपदाओं से बचाव संबंधी जागरूकता संदेशों का प्रसारण पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से किया जाएगा।

जन-जागरूकता वाहन के साथ प्रशिक्षित आपदा मित्र एवं प्रशिक्षकों की भी तैनाती की गई है। आपदा मित्र गांवों की आंतरिक गलियों, प्राथमिक विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों एवं सार्वजनिक चौपालों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद करेंगे तथा आपदा की स्थिति में क्या करें–क्या न करें के संबंध में आवश्यक जानकारी देंगे। इस दौरान जागरूकता पैम्फलेट भी वितरित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान संवेदनशील ग्रामों में सार्वजनिक भवनों पर बाढ़, सर्पदंश, वज्रपात एवं डूबने से बचाव संबंधी जागरूकता बोर्ड भी लगाए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।
जिला प्रशासन का उद्देश्य लोगों को आपदाओं के प्रति पहले से जागरूक एवं सतर्क करना तथा आपदा की स्थिति में सुरक्षित उपाय अपनाने के लिए प्रेरित करना है, जिससे जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके। पूर्व तैयारी एवं जागरूकता ही आपदा से बचाव का प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर जिला आपदा विशेषज्ञ श्री प्रियेश रंजन मालवीय, प्रशिक्षित आपदा मित्र श्री ऋषभ देव एवं श्री वीरू तथा आपदा अनुभाग से श्री रोहित कुमार, श्री रोहित कुमार निषाद एवं श्री अम्बरीष चौरसिया उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन द्वारा जनसामान्य से अपील की गई है कि आपदा संबंधी चेतावनियों एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा स्वयं सुरक्षित रहते हुए अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी आपदा से बचाव के प्रति जागरूक करें।

