
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनपद में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी 11 सितंबर को विशेष हरिशंकरी पौधारोपण महाअभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों एवं कार्ययोजना को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
597 राजस्व गांवों, 124 नगरीय वार्डों एवं 200 गौशालाओं में होगा पौधारोपण
अभियान के अंतर्गत जनपद के 597 राजस्व गांवों में एक-एक, 124 नगरीय वार्डों में एक-एक तथा 200 गौशालाओं में तीन-तीन हरिशंकरी पौधों का रोपण किया जाएगा। इस प्रकार अभियान के माध्यम से बड़े पैमाने पर पीपल, पाकड़ एवं बरगद के पौधे लगाए जाएंगे।

हरिशंकरी में पीपल, पाकड़ और बरगद तीनों वृक्षों का एक साथ रोपण किया जाता है। पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण इन वृक्षों के संरक्षण के साथ-साथ इनके आसपास पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा। पौधों की सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार ट्री-गार्ड की व्यवस्था की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करते हुए इसमें जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि पौधारोपण का उद्देश्य स्थायी रूप से प्राप्त हो सके।
बैठक में लोक भारती के सह संगठन मंत्री श्री गोपाल उपाध्याय, पूर्व सांसद श्री पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, कोपरेटिव के चेयरमैन श्री चक्रपाणि त्रिपाठी, आचार्य श्री रवींद्र, मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक श्रीमती रिजवाना शाहिद, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

