A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों का सघन निरीक्षण; अनुपस्थित पाए गए 07 कर्मियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस की कार्रवाई

मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट 

हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल के निर्देशों के क्रम में जनपद में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष निरीक्षण अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी के पर्यवेक्षण में विगत एक सप्ताह से जनपद, विकासखंड एवं तहसील स्तर के अधिकारियों की टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।

Related Articles

इसी क्रम में आज विभिन्न अधिकारियों की टीमों द्वारा 35 प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा 51 आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति, पोषण संबंधी सेवाओं तथा केंद्रों के संचालन की स्थिति की भी जांच की गई।

 

निरीक्षण के दौरान 02 अध्यापक, 02 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा 03 सहायिकाएं, कुल 07 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अनुपस्थित पाए गए सभी कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं तथा संबंधित विभागों के माध्यम से कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं आवश्यक सेवाओं से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण का उद्देश्य केवल कमियां चिन्हित करना नहीं, बल्कि व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराना है। सघन निरीक्षण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा लापरवाही अथवा अनधिकृत अनुपस्थिति पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Back to top button