नगर पंचायत बनने के बाद हरख पुर की बदली तस्वीर, विकास कार्यों से गांव में आई नई रौनक
मान्धाता। नगर पंचायत मान्धाता के वार्ड नंबर 9 हरख पुर में नगर पंचायत बनने के बाद विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ी है। लंबे समय से विकास की प्रतीक्षा कर रहे गांव के विभिन्न मोहल्लों और बस्तियों में अब सड़क, प्रकाश और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
गांव में दो बड़े हाईमास्ट लाइट और दो छोटे हाईमास्ट लाइट लगाए गए हैं। इसके साथ ही 100 से अधिक रोड लाइट लगाकर गांव की गलियों और प्रमुख रास्तों को रोशन किया गया है। हर बस्ती में बल्ब की व्यवस्था होने से रात के समय लोगों को काफी सुविधा मिल रही है।
नगर पंचायत की ओर से गांव के हर मोहल्ले में आरसीसी सड़क और रास्तों का निर्माण कराया गया है। लोगों के घरों तक पक्के रास्ते पहुंचने से आवागमन आसान हुआ है। वहीं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए हर मोहल्ले के प्रमुख स्थानों पर डस्टबिन रखवाए गए हैं, जिससे साफ-सफाई व्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
सबसे खास बात यह है कि गांव में लंबे समय से विवादित रहे कई रास्तों का भी समाधान कराया गया। सभासद प्रतिनिधि धर्मेन्द्र सिंह की सूझबूझ और आपसी समझदारी से विवादित रास्तों को लेकर बने गतिरोध को दूर कर विकास का रास्ता साफ किया गया। इससे गांव में आपसी सौहार्द बढ़ा है और कई वर्षों से अटके कार्य धरातल पर उतर सके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नगर पंचायत बनने के बाद हरख पुर में विकास की तस्वीर तेजी से बदली है। प्रकाश व्यवस्था, पक्की सड़क, स्वच्छता और संपर्क मार्ग जैसी सुविधाओं से गांव की तस्वीर पहले की अपेक्षा काफी बेहतर हुई है।
इन विकास कार्यों में चेयरमैन प्रतिनिधि बादल पटेल, सभासद प्रतिनिधि धर्मेन्द्र सिंह और अधिशासी अधिकारी रॉबिन सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि आने वाले समय में भी वार्ड में इसी तरह विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।

