A2Z सभी खबर सभी जिले की

सुरक्षा के मद्देनजर 1000 पुलिसकर्मी तैनात

आम लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील


जहानाबाद। जिले में बिहार बंद के आह्वान के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पूरे जिले में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए गए हैं। शनिवार सुबह से ही शहर के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण ने बताया कि बंद को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे शहर को तीन सुरक्षा लेयर में बांटा गया है। प्रत्येक लेयर में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की विशेष तैनाती की गई है, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख बाजारों और सरकारी कार्यालयों जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल मौजूद है।

एसपी के अनुसार, पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग 1000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। गश्ती दल लगातार शहर और विभिन्न थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं। पुलिस की मोबाइल टीमें भी अफवाहों या उपद्रव की स्थिति को रोकने के लिए लगातार निगरानी कर रही हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है। हालांकि, यदि कोई व्यक्ति कानून अपने हाथ में लेने, जबरन बंद कराने, यातायात बाधित करने, सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या आम लोगों की सुरक्षा भंग करने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिसे लेकर सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं और सभी थाना प्रभारियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Show More
Back to top button