A2Z सभी खबर सभी जिले की

नगर में “जय जगन्नाथ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय

जहानाबाद। शहर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। महावीर हनुमान मंदिर, अवधपुरी नगर, अलगना चौक, काको रोड के सौजन्य से आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे नगर में “जय जगन्नाथ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। रथ यात्रा अलगना चौक से शुरू होकर कनोदी, काको मोड़, स्टेशन रोड, अंटा मोड़, अरवल मोड़, हॉस्पिटल मोड़, पंचमहल्ला, मलहचक मोड़, एरोड्रम रोड और थाना रोड होते हुए पुनः अलगना चौक पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के रथ पर पुष्पवर्षा की, आरती उतारी और भक्ति गीतों के साथ स्वागत किया।

रथ यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, धार्मिक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। भक्त भक्ति संगीत पर झूमते हुए भगवान जगन्नाथ की आराधना में लीन दिखाई दिए। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही, जिससे शहर का माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंग गया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि रथ यात्रा का उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण, समाज में आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना तथा नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं से जोड़ना है। समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। रथ यात्रा ने नगर में आस्था, एकता और सांस्कृतिक विरासत का संदेश दिया।

Related Articles
Show More
Back to top button