

हमीरपुर से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। अपना दल (कमेरावादी) के प्रदेशव्यापी एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन के तहत मंगलवार को जिलाध्यक्ष रामसिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी मौदहा को ज्ञापन सौंपकर किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।ज्ञापन में कहा गया कि जिले में धान की रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध नहीं हो रही है। इससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी ने प्रशासन से यूरिया की कमी तत्काल दूर कर किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की।ज्ञापन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में यूरिया की कथित कालाबाजारी पर रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की भी मांग की गई। साथ ही नेशनल हाईवे-34 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए हाईवे का शीघ्र चौड़ीकरण कराने की मांग उठाई गई।पार्टी पदाधिकारियों ने किसानों की फसलों को आवारा (अन्ना) पशुओं से बचाने के लिए उन्हें गौशालाओं में भेजने तथा वहां उनके चारा-पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की। इसके अलावा किसानों की फसल खरीद से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की अपील की गई।जिलाध्यक्ष रामसिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।इस दौरान किसान मंच के जिलाध्यक्ष जितेंद्र, दीपू, भइयालाल, रामप्रताप, महिला मंच की जिलाध्यक्ष रूपा देवी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
