हमीरपुर। आगामी 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप की तैयारियों के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर की ओर से विकासखंड राठ के सभागार में पांचवें दिन लघु विधिक शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राम प्यारे के मार्गदर्शन तथा सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव श्रीमती वंदना अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया और आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी दी। श्रम विभाग की ओर से विजय पाल सोनकर ने विभागीय योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
इसके अलावा उद्योग, समाज कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण, परिवहन, मत्स्य, स्वास्थ्य, कृषि और कौशल विकास विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया।
शिविर में ऐसे पात्र व्यक्तियों को चिह्नित करने पर विशेष जोर दिया गया, जो जानकारी के अभाव या अन्य कारणों से सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। संबंधित विभागों को पात्र लाभार्थियों की सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि 1 नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप में अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
खंड विकास अधिकारी की ओर से एडीओ (आरडी) अमित खरे ने सहयोग प्रदान किया। इस दौरान पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग से मनीष कुमार, पीएलवी शिवनारायण, पवन तिवारी, प्रेमचंद, महिला एवं बाल कल्याण विभाग से लियाकत अली, परिवहन विभाग से रवि सिंह, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. वीरेंद्र, जीजीआईसी राठ से संतोष कुमारी, कौशल विकास विभाग से सीमा देवी तथा कृषि विभाग से बाबूराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन पीएलवी प्रेमचंद ने किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता करना है।
आगामी मेगा लीगल कैंप के माध्यम से अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय समन्वय और पात्र लाभार्थियों के चिह्नांकन पर जोर दिया जा रहा है।
