

हमीरपुर से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे के रहमानिया कॉलेज के पीछे ग्राम समाज की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बुल्डोजर चलाकर अतिक्रमण हटा दिया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई इस कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।प्रभारी तहसीलदार महेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन के अनुसार ग्राम समाज की भूमि पर अवैध निर्माण कर कब्जा किया गया था, जिसे नियमानुसार हटाया गया। कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारियों ने मौके पर पैमाइश कर अतिक्रमण की पुष्टि के बाद बुल्डोजर से निर्माण हटवाया।अभियान के दौरान कानूनगो सुरेश प्रजापति, लेखपाल अवनीश कुमार, लेखपाल मनीष कुमार समेत राजस्व विभाग के कर्मचारी तथा भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी।