

नशे के कारोबार पर जारी रहेगा अभियान, एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
जहानाबाद। शहर में सूखा नशा के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए नगर थाना पुलिस ने लगातार दूसरे दिन कार्रवाई कर एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी में आरोपी के पास से 3.32 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी है।नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक स्मैक की तस्करी में संलिप्त है। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर अरवल जिले के किंजर थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी प्रीतम कुमार, पिता नंदू पासवान, को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कागज की पुड़िया में रखा 3.32 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह मादक पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति करता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर सूखा नशा के पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।